बिलासपुर । न्यायधानी बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सिविल लाइन थाने के ठीक सामने उर्स के दौरान दो गुटों के बीच जमकर बवाल हुआ। बीच सड़क पर युवकों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस खूनी संघर्ष में लात-घूंसे तो चले ही, खुलेआम चाकू और लाठियां भी लहराई गईं। इस पूरी घटना का खौफनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन स्थित मजार में इन दिनों उर्स का आयोजन चल रहा है। शनिवार रात अलग-अलग इलाकों से मुस्लिम समुदाय के लोग ‘संदल’ और चादर चढ़ाने के लिए डीजे और ढोल-ताशों के साथ निकले थे।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार, तारबाहर स्थित घोड़ादाना स्कूल के पास से संदल की एक टोली निकली थी। जब यह टोली सिविल लाइन थाने के सामने पहुंची, तो डांस करने के दौरान पैर टकराने को लेकर विवाद शुरू हो गया। वहीं, सिविल लाइन टीआई एसआर साहू का कहना है कि विवाद बाइक टकराने को लेकर शुरू हुआ था। वजह चाहे जो भी रही हो, लेकिन इस छोटी सी बात ने देखते ही देखते बड़े बवाल का रूप ले लिया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
वायरल वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो हैरान करने वाला है। इसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे युवक एक-दूसरे की जान के दुश्मन बने हुए हैं। हाथों में लाठियां और चाकू लिए युवक बीच सड़क पर एक-दूसरे को दौड़ाकर पीट रहे हैं। पुलिस थाने के ठीक सामने इस तरह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और मारपीट इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर रही है।
थाने पहुंचे, लेकिन एफआईआर से किया इंकार
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घायल और आरोपी युवकों को पकड़कर थाने ले आई। लेकिन थाने पहुंचने के बाद दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराने से साफ इंकार कर दिया। शिकायत न मिलने पर पुलिस ने उन्हें केवल समझाइश देकर छोड़ दिया।
देखें वीडियो



