Skip to content

टायर फटा, गोलियां चलीं और खत्म हो गया गैंगस्टर! पढ़ें कैसे हुआ एनकाउंटर

अमृतसर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कुख्यात गैंगस्टर सुखराज सिंह उर्फ ‘गूंगा’ को पंजाब पुलिस ने अमृतसर के वल्ला इलाके में एनकाउंटर में मार गिराया।  यह आरोपी आम आदमी पार्टी (आप) के सरपंच जरमल सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। मुठभेड़ में सुखराज को दो गोलियां लगीं और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ बुधवार शाम: पिस्तौल बरामदगी के दौरान फायरिंग

बुधवार शाम पुलिस आरोपी सुखराज को हत्याकांड में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद करने वल्ला ले गई थी। पिस्तौल मिलने के बाद लौटते समय दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस वैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वैन का टायर फट गया और अफरा-तफरी में सुखराज ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में सुखराज को गोली लगी, जबकि कांस्टेबल वरुण कुमार घायल हो गए।

पंजाब-छत्तीसगढ़ में 6 FIR, नया केस दर्ज

अमृतसर के सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुष्टि की कि सुखराज के खिलाफ पंजाब और छत्तीसगढ़ में कुल 6 FIR दर्ज थीं। मुठभेड़ के बाद थाना मोहकमपुरा में सुखराज और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में दबिशें बढ़ा रही है।

4 जनवरी को मैरिज पैलेस में सरपंच की हत्या, पहले भी एक शूटर ढेर

4 जनवरी को मैरी गोल्ड मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान शूटर सुखराज और कर्मवीर ने सरपंच जरमल सिंह को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। (AAP Sarpanch Murder) हत्या से पहले गैंगस्टर प्रभ दासूवाल और अफरीदी तूत के इशारे पर हरनूर सिंह उर्फ नूर ने रेकी की थी, जिसे 6 जनवरी को एनकाउंटर में मार गिराया गया। कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। हत्या के बाद सुखराज अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रायपुर के राजेंद्र नगर फ्लैट में छिपा था, जहां रायपुर क्राइम ब्रांच की मदद से पंजाब पुलिस ने उसे पकड़ा।