Skip to content

रिश्तों का कत्ल: सनकी भाई की हैवानियत, सोती हुई बहन का कैंची से रेता गला… तड़प-तड़प कर मौत

बालोदा। भाई-बहन का रिश्ता दुनिया में सबसे पवित्र और रक्षा का प्रतीक माना जाता है। लेकिन छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत और खून के रिश्तों को ही झकझोर कर रख दिया है। यहां एक सनकी भाई ने अपनी ही सगी बहन को बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। वारदात का तरीका इतना खौफनाक था कि सुनने वालों की रूह कांप जाए।

दोपहर की वो शिकायत, जो बन गई मौत का फरमान

​यह पूरा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला बालोद के देवरी थाना क्षेत्र के परसली गांव का है। जानकारी के अनुसार, मृतका तनीषा सोनकर का अपने ही भाई पोषण सोनकर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुक्रवार की दोपहर बात इतनी बिगड़ गई कि तनीषा को न्याय के लिए देवरी थाने की शरण लेनी पड़ी। उसने अपने भाई के खिलाफ मारपीट की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी तत्परता दिखाई और दोनों पक्षों को थाने में बिठाकर समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस की समझाइश और शायद पारिवारिक मोह के चलते तनीषा ने अपना आवेदन वापस ले लिया। लेकिन उस मासूम को कहां पता था कि जिस भाई को वो थाने में माफ कर रही है, वही कुछ घंटों बाद उसकी मौत का सौदागर बन जाएगा।

नींद में कर दिया ‘भरोसे का कत्ल’

​थाने से लौटने के बाद घर में सब कुछ सामान्य लग रहा था। तनीषा निश्चिंत होकर अपनी बिस्तर पर सो रही थी। तभी सनकी भाई पोषण सोनकर के सिर पर शैतान सवार हो गया। वह दबे पांव अपनी बहन के पास पहुंचा और घर में रखी धारदार कैंची से गहरी नींद में सो रही अपनी ही बहन के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से तनीषा संभल भी नहीं पाई और बुरी तरह लहूलुहान होकर तड़पने लगी।

जिंदगी की जंग हार गई तनीषा

​खून से लथपथ तनीषा की चीख-पुकार सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। घर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे देवरी के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत और गले के गहरे घावों से बहते खून को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे फौरन मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की लाख कोशिशें कीं, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान तनीषा ने हमेशा के लिए आंखें मूंद लीं।

हवालात पहुंचा हत्यारा भाई

​इस दर्दनाक वारदात की खबर फैलते ही पूरे परसली गांव में सन्नाटा पसर गया है और इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर भाई के सिर पर इतना खून क्यों सवार था। एक ही झटके में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां इस खूनी खेल की भेंट चढ़ गईं।