कवर्धा। कबीरधाम जिले से एक बेहद दुःखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के छिरहा स्थित होमगार्ड कार्यालय परिसर में शनिवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बैरक के बाथरूम में एक निलंबित होमगार्ड जवान का शव फांसी के फंदे से लटकता हुआ पाया गया। घटना के बाद कार्यालय और बैरक में मौजूद अन्य जवानों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
नशे की लत और विभागीय कार्रवाई का साया
मृतक जवान की पहचान जंगल रेंगाखार निवासी नगर सैनिक (क्रमांक 222) विनोद मेरावी के रूप में हुई है। विनोद छिरहा स्थित होमगार्ड कार्यालय परिसर के बैरक में ही निवास करता था। विभागीय जानकारी के अनुसार, विनोद लंबे समय से नशे का आदी था और इसी लत के कारण वह अक्सर अपनी ड्यूटी से गैर-हाजिर रहता था। लगातार अनुपस्थित रहने और लापरवाही बरतने के कारण विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए कुछ दिनों पहले ही उसे निलंबित कर दिया था। माना जा रहा है कि निलंबन और नशे की लत के चलते वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
दोपहर 3:30 बजे खुला खौफनाक राज
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बैरक के कुछ अन्य जवान जब शौचालय की तरफ गए, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। विनोद मेरावी का शव वहां फांसी के फंदे पर झूल रहा था। जवानों ने बिना समय गंवाए तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी।
हर पहलू से जांच कर रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम पर थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने ‘रायगढ़ सृष्टि’ को बताया कि, “प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रतीत हो रहा है। मृतक नगर सैनिक कुछ दिनों से निलंबित था और जानकारी मिली है कि वह नशे की लत से भी काफी परेशान था। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर चुकी है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं से बारीकी से जांच की जा रही है।”



