जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आपसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। सेना के एक सेवानिवृत्त हवलदार ने गाली-गलौज से उपजे विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से एक युवक पर गोली चला दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व फौजी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
गाली-गलौज को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह लगभग 10 बजे पामगढ़ के विकास नगर की है। घायल युवक शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचा था, जहां उसका दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास के साथ विवाद हो गया। विवाद की वजह शैलेंद्र द्वारा की जा रही गाली-गलौज बताई जा रही है। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि हिमांशु का भाई गुलशन श्रीवास अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर निकल आया।
पैर में लगी गोली, बिलासपुर रेफर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आवेश में आकर गुलशन श्रीवास ने गोली चला दी, जो वहां मौजूद पंकज कश्यप के पैर में जा लगी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल को तुरंत पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
आरोपी पूर्व फौजी हिरासत में
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि आरोपी गुलशन श्रीवास सेना के सिग्नल कोर से रिटायर्ड हवलदार है। पुलिस ने आरोपी गुलशन और उसके भाई हिमांशु श्रीवास, जिसने विवाद में उसका साथ दिया था, दोनों को हिरासत में ले लिया है।
”आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।” – सावन सारथी, थाना प्रभारी, पामगढ़


