Skip to content

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन तलाश’ सफल: लाखों की ठगी करने वाला शातिर आरोपी जगदलपुर से गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। चक्रधरनगर पुलिस ने वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी अजय कुमार पिल्लई (अज्जु पिल्लई) को जगदलपुर से गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?

​शिकायतकर्ता राकेश कुमार नागवानी, जो कि वाहनों की खरीदी-बिक्री का व्यवसाय करते हैं, ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने नीलामी के जरिए करीब 50 पुराने वाहन (कार, ट्रैक्टर, जेसीबी) खरीदे थे। इन BS-4 मॉडल के वाहनों का दोबारा पंजीयन कराने के नाम पर आरोपी अजय कुमार पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने खुद को आरटीओ एजेंट बताकर प्रार्थी से संपर्क किया।

​पंजीयन शुल्क के नाम पर आरोपियों ने प्रार्थी से किश्तों में कुल 6,93,000 रुपये ऐंठ लिए। धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी को दिए गए दस्तावेज फर्जी पाए गए और वाहन उसके नाम पर दर्ज होने के बजाय अन्य व्यक्तियों के नाम पर मिले।

चेक बाउंस कर की बचने की कोशिश

​पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मामला दर्ज होने के डर से आरोपी ने पैसे लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। इनमें से एक चेक बाउंस हो गया और दूसरा गलत जानकारी के साथ दिया गया था, जिससे आरोपी की ठगी की मंशा स्पष्ट हो गई।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

एसएसपी  शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा की टीम ने आरोपी का लोकेशन ट्रेस किया। पुलिस की एक विशेष टीम ने जगदलपुर के लालबाग इलाके में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया।