Skip to content

   रायगढ़ ब्रेकिंग: प्यार, धोखा और फिर पुलिस का एक्शन! लोन की किश्त लेने घर आता था फाइनेंसर… ‘शादी’ का झांसा देकर लूटी आबरू, दूसरी से रचा रहा था ब्याह, अब पहुंचा सलाखों के पीछे!

रायगढ़, 26 जून 2026। रायगढ़ जिले में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शादी का झूठा आश्वासन देकर एक 28 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को सक्ती जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के सख्त दिशा-निर्देशों के बाद पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है।

लोन दिलाने के दौरान हुई थी पहचान, फिर दिया धोखे का घाव

​पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2024 में उसने एक निजी वित्तीय कंपनी से लोन लिया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कंपनी में बतौर फाइनेंसर काम करने वाले हितेश कुमार केंवट से हुई। किश्त के पैसे लेने के बहाने हितेश का युवती के घर आना-जाना शुरू हो गया।

​इसी बीच, आरोपी हितेश ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का पक्का विश्वास दिलाकर रायगढ़ स्थित उसके किराये के मकान में कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

दूसरी जगह शादी तय होने पर हुआ खुलाशा

​पीड़िता का भरोसा तब टूट गया जब अप्रैल 2026 में उसे यह पता चला कि हितेश की शादी किसी अन्य युवती से तय हो गई है। अपने साथ हुए इस भारी धोखे को जानकर पीड़िता सीधे हितेश के घर (सक्ती जिले के डभरा) पहुंची और उसके परिजनों से बात की। लेकिन, वहां हितेश ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया। न्याय की आस में पीड़िता ने अंततः रायगढ़ महिला थाने का दरवाजा खटखटाया।

सक्ती जिले में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने बिना कोई देरी किए अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर लिया।

​डीएसपी उन्नति ठाकुर के कुशल नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और आरोपी हितेश कुमार केवट (26 वर्ष), पिता गौतम प्रसाद केवट (निवासी ग्राम कांसा, थाना डभरा, जिला सक्ती) को धर दबोचा।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

​हिरासत में लेने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और सभी आवश्यक वैधानिक व चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके पश्चात पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका:

इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे और महिला थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की इस तत्परता से ‘अभियान संवेदना’ के प्रति आम जनता का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।