Skip to content

CG News: कार की सीट उठी तो फटी रह गईं पुलिस की आंखें! ‘सीक्रेट चैंबर’ से निकला 9 करोड़ का सोना, गुजरात के 3 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद : अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से साढ़े सात किलो से अधिक (7.512 किलो) सोने के आभूषण जब्त किए हैं। इस भारी-भरकम सोने की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपये आंकी जा रही है। इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने गुजरात के रहने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

संदेह के आधार पर रोकी गई कार, पूछताछ में घबराए युवक

‘रायगढ़ सृष्टि’ को मिली जानकारी के अनुसार, सिंघोड़ा पुलिस की टीम नेशनल हाईवे-353 पर स्थित रेहटीखोल नाके पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ओडिशा की तरफ से आ रही एक वोक्सवैगन कार (क्रमांक GJ 03 NP 4230) को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस की पूछताछ में कार चला रहे युवक ने अपना नाम जयेश अकबरी बताया, जबकि उसके साथ बैठे दो अन्य युवकों की पहचान सुनीत और रूशी अग्रावत के रूप में हुई। तीनों युवक गुजरात के रहने वाले हैं। युवकों के गोलमोल जवाब और घबराहट को देखते हुए पुलिस का शक गहरा गया।

पिछली सीट के नीचे ‘सीक्रेट चैंबर’ देख उड़े पुलिस के होश

तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कार में शातिराना तरीके से एक ‘सीक्रेट चैंबर’ (तहखाना) बना रखा था। जब पुलिस टीम ने कार की बारीकी से तलाशी ली, तो पिछली सीट के नीचे यह विशेष रूप से बनाया गया चैंबर मिला। इस गुप्त जगह पर दो पिठ्ठू बैग छिपाकर रखे गए थे। जब पुलिस ने इन बैगों को खोला, तो उनके होश उड़ गए। बैग के अंदर 6 प्लास्टिक के बॉक्स थे, जिनमें अलग-अलग तरह के सोने के आभूषण ठसाठस भरे हुए थे। जब इन आभूषणों का तौल किया गया, तो कुल वजन 7512.488 ग्राम (7 किलो 512 ग्राम) निकला।

कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी, BNSS की धारा 106 के तहत कार्रवाई

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि इतनी भारी मात्रा में यह सोना ओडिशा से तस्करी कर गुजरात ले जाया जा रहा था। जब पुलिस ने उनसे इस बेशकीमती सोने के संबंध में वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत करने को कहा, तो तीनों आरोपी कोई भी संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके। बिना बिल और कागजात के करोड़ों का सोना परिवहन किए जाने पर पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए बीएनएसएस (BNSS) की धारा 106 के तहत कार्रवाई की और पूरे सोने के साथ-साथ कार को भी जब्त कर लिया।

आयकर विभाग और DRI को सौंपी गई जांच की जानकारी

मामले की गंभीरता और करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन की आशंका को देखते हुए महासमुंद पुलिस ने इसकी आधिकारिक सूचना आयकर विभाग (Income Tax Department) एवं राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को भेज दी है। फिलहाल पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है और आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है। इस जब्ती से अंतरराज्यीय गोल्ड स्मगलिंग के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा होने की उम्मीद है।