Skip to content

मोना मॉडर्न स्कूल बरमकेला में शालेय वार्षिक उत्सव “मल्हार–2026” का भव्य आयोजन

700 से अधिक छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, कलेक्टर ने टॉपरों को किया सम्मानित

सारंगढ़/बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला स्थित मोना मॉडर्न स्कूल में शालेय वार्षिक उत्सव “मल्हार–2026” का भव्य और रंगारंग आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 700 से अधिक छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देर शाम तक चले इस आयोजन में 35 से अधिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर छात्र-छात्राओं को कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, लगभग 4 हजार से अधिक पालक एवं दर्शक अंत तक कार्यक्रम से जुड़े रहे।

मां सरस्वती की वंदना से हुआ शुभारंभ

उत्सव का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्रा पिया भारती द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्वागत गीत में 25 विद्यार्थियों की वाद्य एवं गायन प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं।

नन्हे बच्चों से लेकर सीनियर विद्यार्थियों तक ने बांधा समां

कार्यक्रम में केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विविध विषयों पर आधारित नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

  • केजी-1, केजी-2 व नर्सरी के नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
  • 5वीं कक्षा की छात्राओं का राजस्थानी नृत्य, 6वीं का संबलपुरी नृत्य और 7वीं की सुआ गीत प्रस्तुति को खूब सराहा गया।
  • बस्तर के नक्सलवाद से विकास की यात्रा, नशामुक्ति, महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप, परिवहन व्यवस्था का विकास, हॉस्टल लाइफ जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां भी खास रहीं।
  • तारक मेहता का उल्टा चश्मा, इंडिया गॉट टैलेंट, ऑपरेशन सिंदूर और विष्णु भगवान के दशावतार जैसे कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
  • 60 से अधिक बच्चों की छत्तीसगढ़ी बारहमासी प्रस्तुति ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।

अतिथियों ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणीग्राही ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने विकसित भारत–2047 के विजन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ऊंचे लक्ष्य तय करने का आह्वान किया।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में पालकों की भूमिका पर जोर देते हुए मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह दी।
विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्कूल प्रबंधन को बधाई दी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जवाहर नायक ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की।

समाजसेवी रतन शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए, वहीं भाजपा नेता कैलाश पंडा की ओर से स्कूल के चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. विद्या चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष सत्याभामा मनोहर नायक, उपाध्यक्ष राजू नायक, वरिष्ठ पत्रकार मोहन नायक, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पालक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन स्कूल प्रबंधक अमितेश केशरवानी के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।