Skip to content

छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट को पर्यटन के क्षेत्र में मिलेगा नया आयाम

रायपुर।  छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय हिल स्टेशन मैनपाट अपनी प्राकृतिक वादियों, झरनों और हरियाली के लिए जाना जाता है। अब राज्य सरकार ने यहां पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए अहम कदम उठाया है। मैनपाट में 4.80 हेक्टेयर (12 एकड़) भूमि अटल विहार योजना के तहत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आवंटित की गई है।

आधुनिक वेलनेस और मनोरंजन सुविधाओं से सजेंगे परिसर


छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि इस भूमि पर आधुनिक पर्यटन-आवासीय परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप विकसित यह परिसर पर्यटकों को सुरक्षित, किफायती और बेहतर ठहराव उपलब्ध कराएगा। इसमें केरल मॉडल पर आधारित वेलनेस सेंटर, पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा, आयुष सेवाएं, 24×7 क्लब हाउस, मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट जोन शामिल होंगे। पर्यावरण-अनुकूल ट्री हाउस, कॉटेज और स्थानीय संस्कृति का अनुभव कराने वाला सांस्कृतिक क्षेत्र भी बनेगा।

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बनी योजना


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मैनपाट के जलपरी पर्यटन बिंदु की तारीफ करते हुए कहा कि इसकी प्राकृतिक सुंदरता किसी जलपरी की तरह आकर्षक है। ठंडी हवाएं, गहरी घाटियां, झरने और बादलों से खेलती पहाड़ियां पर्यटकों को परीकथा की दुनिया में ले जाती हैं। अनुराग सिंह देव ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रयासों से यह संभव हुआ। मैनपाट में बढ़ते पर्यटक आगमन को देखते हुए ऐसी सुविधाओं की लंबे समय से जरूरत थी।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बूस्ट


आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का उभरता पर्यटन गंतव्य है। यह परियोजना पर्यटन, आवास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इसे राज्य के पर्यटन विस्तार का मील का पत्थर बताया। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार, व्यापार के अवसर मिलेंगे और मैनपाट राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभरेगा।

मैनपाट की प्रमुख आकर्षण


सरगुजा की पहाड़ियों में बसा मैनपाट वर्षभर ठंडा रहता है। यहां बौद्ध मंदिर, उल्टा पानी, टाइगर पॉइंट, जलजली, मेहता पॉइंट, चाय बगान समेत कई पर्यटन स्थल हैं। प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी पर्यटक आते हैं। अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह पहल गृह निर्माण मंडल की ऐतिहासिक भूमिका को मजबूत करेगी और मैनपाट को प्रमुख राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाएगी।