Skip to content

शादी के महज 13 दिन बाद नवविवाहिता ने लगाई फांसी.. इलाके में सनसनी..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी करेली में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 23 वर्षीय नूतन दीवान के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और सनसनी का माहौल है।

विवाह के 13वें दिन ही उजड़ गया संसार

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, नूतन मूल रूप से फिंगेश्वर क्षेत्र के खैरझिटी गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी महज 13 दिन पहले ही छोटी करेली में हुई थी। अभी हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था कि इस खौफनाक कदम ने एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं।

गृह कलह बनी मौत की वजह?

​शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद से क्षुब्ध होकर नूतन ने घर के अंदर आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी लगा ली।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।