Skip to content

रायगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: सूने मकान में बेसहारा महिला और 10 माह की मासूम की नृशंस हत्या

रायगढ़, 19 जुलाई 2026: जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और हृदयविदारक मामला सामने आया है। ग्राम छापरपानी के बाहर एक सूने बोरवेल मकान में आश्रय ले रही एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला और उसकी 10 महीने की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। दोहरे हत्याकांड की इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह खुद घटनास्थल का मुआयना कर जांच की कमान संभाल रहे हैं।

खून से लथपथ मिलीं मां-बेटी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय बरत कुमारी और उसकी 10 माह की बेटी ‘परी’ के रूप में हुई है। मृतका की मौसेरी बहन बुधियारो नागवंशी (42 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई की सुबह गांव के ननकूराम ने उन्हें सूचना दी कि बरत कुमारी लहूलुहान हालत में पड़ी है।

​जब ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य विचलित करने वाला था। किसी अज्ञात हमलावर ने मां-बेटी के सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से जानलेवा वार किया था। इस नृशंस हमले में 10 माह की मासूम परी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बरत कुमारी ने भी दम तोड़ दिया।

पति की मौत के बाद से थी विक्षिप्त

परिजनों के मुताबिक, बरत कुमारी के पति का 4-5 साल पहले निधन हो गया था। पति की मौत के गहरे सदमे के कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। वह अपने मायके छापरपानी में ही रह रही थी, लेकिन अक्सर गांव में बेसुध घूमती रहती थी। पिछले कुछ समय से उसने गांव के ही प्रहलाद बेहरा के खेत में बने एक सूने बोरवेल मकान को अपना आशियाना बना लिया था, जहां वह अपनी नवजात बच्ची के साथ रहती थी।

डॉग स्क्वॉड और FSL टीम ने जुटाए सुराग

हत्या की सूचना मिलते ही एसडीओपी (धरमजयगढ़) सिद्धांत तिवारी और लैलूंगा थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम और डॉग स्क्वॉड को भी तत्काल बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर कई अहम भौतिक साक्ष्य (Physical Evidence) जुटाए हैं।

​इस अंधी हत्या के मामले में लैलूंगा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ नए आपराधिक कानून (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या (अपराध क्रमांक 230/2026) का मामला दर्ज कर लिया गया है।

संदेहियों से पूछताछ जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह खुद लैलूंगा पहुंचे। उन्होंने अब तक की जांच की समीक्षा की और पुलिस टीम को हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।