रायगढ़: शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पटेलपाली सब्जी मंडी के सामने देर रात रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा दरमियानी रात करीब 3:00 बजे का है।
सड़क सूनी थी और रात का अंधेरा पसरा था, तभी एक बेकाबू और तेज रफ्तार नेक्सॉन कार काल बनकर आई और मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है और इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



