रायगढ़। शौक नवाबों वाले और करतूतें घर बर्बाद करने वाली! जिन घरों की महिलाएं अपने परिवार के सुनहरे भविष्य के लिए पाई-पाई जोड़ती हैं और दिन-रात एक करती हैं, उन्हीं के बेटे और पति लग्जरी कारों में बैठकर रातों-रात अमीर बनने का घिनौना खेल खेल रहे थे। समाज को दीमक की तरह चाट रहे ऐसे सफेदपोश जुआरियों के गाल पर रायगढ़ पुलिस ने करारा तमाचा जड़ा है।
इस एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में जानिए कैसे पुलिस के ‘ऑपरेशन अंकुश’ ने उन 33 जुआरियों का पर्दाफाश किया है, जो बंद कमरों और सुनसान इलाकों में औरतों के सुकून और घरों की शांति को दांव पर लगा रहे थे।
खाकी का खौफ: मेला स्थल बना जुआरियों का अड्डा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के सख्त रवैये और ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत छाल पुलिस ने बीती रात एक धाकड़ कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को मुखबिर से सटीक भनक लग गई थी कि रायगढ़-कोरबा बॉर्डर के ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के ठीक बाहर एक बड़ा जुआ फड़ (खुडखुडिया) सजा हुआ है।
बिना एक पल गंवाए पुलिस ने ऐसी अचूक घेराबंदी की कि फड़ पर बैठे 33 जुआरियों के पसीने छूट गए। किसी को भी संभलने या भागने का रत्ती भर भी मौका नहीं मिला और सभी रंगे हाथों दबोचे गए।

दौलत का गुरूर: जुए के फड़ पर 7 चमचमाती गाड़ियां
गिरफ्तार किए गए ये जुआरी कोई आम अपराधी नहीं हैं। ये वो लोग हैं जो लग्जरी गाड़ियों में बैठकर अपनी तिजोरियां भरने के लालच में समाज को गर्त में धकेल रहे थे। पुलिस ने मौके से जो जब्ती की है, वह इन जुआरियों की बेशर्मी की गवाही देती है:
- 7 लग्जरी गाड़ियां: एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो कार।
- गाड़ियों की अनुमानित कीमत: करीब ₹90 लाख!
- कैश और सामान: मौके से ₹57,140 नगद, 5 गैस लाइट और खुडखुडिया खेलने का पूरा सेटअप जब्त।
कहां से आए थे ये ‘शौकीन’ जुआरी?
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी मुख्य रूप से घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर इलाकों के रहने वाले हैं। ये अपने-अपने इलाकों से निकलकर धसकामुड़ा बस्ती के एक सुनसान छोर को अपना सुरक्षित अड्डा मानकर बैठे थे, लेकिन खाकी की नजरों से बच नहीं सके।
अधिकारियों की सटीक रणनीति और सीधा एक्शन
इस पूरे ऑपरेशन को एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल की मॉनिटरिंग में अंजाम दिया गया। वहीं, फील्ड पर थाना प्रभारी छाल, निरीक्षक नासिर खान ने अपनी टीम के साथ जिस आक्रामक अंदाज में दबिश दी, उसने जिले के बाकी जुआरियों की नींद भी उड़ा दी है।
पकड़े गए सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत 5 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। अब इन सभी को कोर्ट में पेश कर जेल की सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी है।



