कोरबा। छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार सुबह शहर के पॉश इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां ड्यूटी पर जा रही एक निजी अस्पताल की नर्स पर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। सनसनीखेज बात यह है कि वारदात प्रदेश के उद्योग मंत्री के बंगले के पास अंजाम दी गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
पीठ में धंसा रह गया चाकू
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता शहर के एक निजी अस्पताल की लैब में नर्स के पद पर कार्यरत है। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वह रोज की तरह पैदल अपने घर से निहारिका स्थित लैब की ओर जा रही थी। जैसे ही वह सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पंप हाउस डी बंगला रोड स्थित मंत्री बंगले के पास पहुंची, पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि चाकू पीड़िता की पीठ में ही धंसा रह गया।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
लहूलुहान हालत में युवती के चीखने-पुकारने पर आसपास मौजूद राहगीर मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल नर्स को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के मार्ग पर लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
चौकी प्रभारी ने बताया- > “पीड़िता का उपचार चल रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की गई है। गिरफ्तारी के बाद ही हमले के वास्तविक कारणों (पुरानी रंजिश या लूट का प्रयास) का खुलासा हो सकेगा।”


