रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर अपराध का हॉटस्पॉट बन चुकी है। आए दिन हत्या, चाकूबाजी और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में 21 दिसंबर को एक बार में प्रेमिका पर बीयर बोतल से हमला करने वाले प्रेमी के खिलाफ अब हत्या का केस दर्ज हो गया है।
गंभीर घायल युवती ने 23 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ी, लेकिन सोमवार को उसकी मौत हो गई।मृतका की पहचान वेदिका सागर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वेदिका और आरोपी टी. सुनील राव उर्फ शीनू रिलेशनशिप में थे। दोनों की शादी तय थी, लेकिन शराब के नशे ने सबकुछ तबाह कर दिया। दोपहर के समय दोनों बार में बीयर पीने गए। वहां किसी बात पर झगड़ा हो गया।

नशे में चूर शीनू ने वेदिका के सिर पर बीयर बोतल से जोरदार प्रहार किया।आरोपी ने उसके बाल पकड़कर कुर्सी से नीचे गिराया और चेहरे पर लगातार वार किए। फर्श पर खून फैल गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें आरोपी का क्रूर रूप साफ नजर आता है। बार संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल भर्ती कराया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
आरोपी को दूसरे ही दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। शुरू में हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज हुआ था।मृतिका 23 दिनों तक वेंटिलेटर पर रही। सोमवार को उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजन और मोहल्लेवासी थाने पहुंचे। उन्होंने हत्या की धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने धारा बढ़ाकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।



