Skip to content

नौतपा के प्रचंड प्रकोप के बीच राहत की बूंदें: रायगढ़ समेत प्रदेश के 27 जिलों में तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

रायपुर/रायगढ़ : छत्तीसगढ़ में नौतपा की झुलसा देने वाली गर्मी और लू (हीटवेव) के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। आसमान से बरसती आग के बीच सरगुजा संभाग से राहत भरी खबर आई है। अंबिकापुर और सूरजपुर जैसे इलाकों में हुई झमाझम बारिश ने न सिर्फ पारे को नीचे लुढ़काया है, बल्कि लोगों को उमस और तपिश से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो यह राहत अब पूरे प्रदेश में फैलने वाली है। रायगढ़ और राजधानी रायपुर समेत राज्य के 27 जिलों में मौसम विभाग ने तेज आंधी, वज्रपात और बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

24 घंटे में गिरेगा पारा, गरज-चमक के साथ शुरू होगी बारिश

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया था और कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर (लू) का प्रभाव जारी था। लेकिन आज से पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश भर में बादलों की गरज के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की पूरी संभावना है। अनुमान है कि अगले 24 घंटों के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे नौतपा की गर्मी से जूझ रहे लोगों को सुकून मिलेगा।

अगले 3 घंटों के लिए मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के 27 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। इन जगहों पर तेज रफ्तार से आंधी चलने और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।

  • ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: उत्तरी छत्तीसगढ़ के जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। यहां तेज अंधड़ के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा है।
  • येलो अलर्ट वाले जिले: अपने रायगढ़ जिले के साथ-साथ सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी मौसम तेजी से बिगड़ सकता है।

राजधानी रायपुर को भी मिलेगी गर्मी से संजीवनी

राजधानी रायपुर के निवासियों के लिए भी आज का दिन राहत लेकर आने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को रायपुर के आसमान में काले बादल डेरा डाले रहेंगे। गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है। आज शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो बारिश के बाद लोगों को गर्मी से फौरी राहत देगा।