Skip to content

दो दिनों से लापता ग्रामीण की जंगल में मिली संदिग्ध लाश, इलाके में फैली सनसनी

धमतरी (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दो दिनों से लापता एक व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की लाश फुटहामुड़ा के जंगलों में पाई गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है।

घर से निकला था, फिर कभी वापस नहीं लौटा

​मृतक की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में हुई है, जो केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम माकरदोना का निवासी था। परिजनों के मुताबिक, पुनुराम दो दिन पहले किसी काम से घर से निकला था, लेकिन देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। परिवार वालों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। इसी बीच, फुटहामुड़ा के जंगल में उसकी लाश मिलने की खबर आई।

​मौत की वजह अब भी सस्पेंस

​पुनुराम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह थी, यह अभी तक पूरी तरह से अज्ञात है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

​क्या कहना है डॉक्टरों का?

“केरेगांव थाना क्षेत्र के माकरदोना गांव के निवासी पुनुराम मंडावी के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। इनका शव फुटहामुड़ा के जंगल में मिला था। शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के स्पष्ट और सही कारणों का पता चल पाएगा।”

डॉ. राजेश सूर्यवंशी, जिला अस्पताल धमतरी