Skip to content

ACB का बड़ा एक्शन: रिश्वत लेते नायब तहसीलदार और पटवारी गिरफ्तार

जांजगीर। जिले के पामगढ़ तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने नायब तहसीलदार और एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया।

ACB ने ट्रैप कर पकड़ा

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने चोरभट्ठी गांव के धान खरीदी प्रभारी से काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत ACB से की, जिसके बाद सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।

तहसील कार्यालय में हड़कंप

कार्रवाई के दौरान पामगढ़ तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार और पटवारी को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए पकड़ा गया। ACB की टीम ने मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर दोनों को हिरासत में ले लिया। ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय और जिले में हड़कंप मच गया है।

लापता युवक की तलाश

रिश्वतखोरी की खबर से अलग जांजगीर क्षेत्र की हसदेव नदी में युवक के डूबने की आशंका के बाद डीडीआरएफ की टीम द्वारा खोजबीन की जा रही है। गेमन पुल पर युवक सुनील राठौर की स्कूटी मिली है। मौके पर पुलिस बल भी तैनात है। पुलिस द्वारा युवक के कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच की जा रही है। फिहाहाल, सुबह से खोजबीन की जा रही है, लेकिन युवक का पता नहीं चला है।

दरअसल, जांजगीर क्षेत्र के धाराशिव गांव का युवक सुनील राठौर, स्कूटी से चाम्पा गया था। रात में युवक की स्कूटी, गेमन पुल पर लावारिस मिली। इसके बाद, पुलिस अलर्ट हुई और गुमशुदगी का जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।