Skip to content

रॉन्ग साइड से आ रही कार की जोरदार टक्कर से छात्र ने तोड़ा दम, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV वायरल

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बेहद हृदयविदारक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने रविवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है, जो किसी का भी दिल दहला देने के लिए काफी है।

रॉन्ग साइड से आई मौत बनकर कार

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह पद्मश्री श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड की है। वायरल सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक काले रंग की कार तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आती है और सामने से अपनी दिशा में जा रहे स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मारती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र हवा में कई फीट ऊपर उछलकर दूर सड़क किनारे जा गिरा। बेकाबू कार इसके बाद सीधे एक स्कूल बस से जा टकराई, जिससे कार के भी परखच्चे उड़ गए।

अपोलो अस्पताल में छात्र ने तोड़ा दम

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले छात्र की पहचान मंगला के अभिषेक विहार निवासी रुद्र प्रताप शर्मा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल रुद्र को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नाबालिग के हाथ में थी स्टीयरिंग

इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार (नंबर: CG 10 BH 7752) को जब्त कर लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि हादसे के वक्त इस तेज रफ्तार कार को एक नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

देखें वीडियो