Skip to content

​सत्ता की धौंस! युवकों और समिति के बीच हिंसक झड़प, गाड़ियों में तोड़फोड़; बोले- “हम भाजपा कार्यकर्ता हैं, डरते नहीं…”, देखें VIDEO

गरियाबंद (छत्तीसगढ़)। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और जलप्रपात चिंगरापगार में पार्किंग और प्रवेश के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दुर्ग से आए कुछ युवकों और स्थानीय प्रबंधन समिति के सदस्यों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि युवक सत्ताधारी दल से जुड़े होने की धौंस देकर नियमों को तोड़ते हुए जबरन जलप्रपात में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

समय-सीमा के बाद जबरन प्रवेश का प्रयास

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग से कुछ युवक 2 से 3 चारपहिया वाहनों में सवार होकर चिंगरापगार पहुंचे थे। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पर्यटन स्थल पर दोपहर 3 बजे के बाद पर्यटकों का प्रवेश वर्जित रहता है। स्थानीय ग्रामीणों और समिति के सदस्यों का आरोप है कि युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे और प्रवेश बंद होने के बावजूद जबरन अंदर जाने की जिद कर रहे थे। जब उन्हें रोका गया, तो वे विवाद पर उतारू हो गए।

सत्ता की धौंस और वीडियो आया सामने

ग्रामीणों ने बताया कि विवाद में शामिल एक वाहन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी का है। आरोप है कि इन युवकों ने स्थानीय ग्रामीणों और मौके पर मौजूद पुलिस को अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर धमकाने का प्रयास किया।

​इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो इन आरोपों की पुष्टि करता दिख रहा है। वीडियो में एक युवक स्पष्ट रूप से यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, “हम लोग भाजपा के कार्यकर्ता हैं, किसी से डरते नहीं हैं। जो भी है, हम लोग समझ लेंगे।” यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे पांच युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनका एक वाहन भी थाने लाया गया है। फिलहाल पुलिस वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

​प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों पर शांति और नियम-कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि कुछ भी हो।