Skip to content

रायगढ़: लेन-देन के विवाद में युवक से मारपीट कर लूटी थी 10 लाख की कार, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रायगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को ताक पर रखकर मनमानी करने वालों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में घरघोड़ा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट के एक गंभीर मामले को त्वरित रूप से सुलझा लिया है। पैसों के पुराने लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट कर उसकी 10 लाख रुपये कीमती मारुति XL-6 कार लूटने वाले आरोपी बेलाल अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों और जबरन संपत्ति छीनने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी।

​दरअसल, यह पूरा विवाद जमीन सौदे की पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। ग्राम भेण्ड्रा के रहने वाले गजपति राम राठिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि साल 2024 में उसने अपनी पैतृक जमीन का सौदा घरघोड़ा के प्रेमनगर निवासी बेलाल अहमद के साथ किया था, जिसके एवज में उसे 3.50 लाख रुपये एडवांस मिले थे। कुछ समय बाद बेलाल ने जमीन खरीदने से इंकार कर दिया और पैसे वापस मांगने लगा। गजपति ने अपनी जमीन दूसरे को बेचकर 2.50 लाख रुपये लौटा भी दिए, लेकिन महज एक लाख रुपये बकाया होने के बावजूद बेलाल 10 लाख रुपये की अनुचित मांग करते हुए पीड़ित और उसके परिवार को लगातार धमकियां दे रहा था। बीती 6 जुलाई को जब गजपति अपने दोस्त के साथ कारगिल चौक पर खड़ा था, तभी बेलाल ने वहां पहुंचकर गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जबरन उसकी कार की चाबी छीनकर कार समेत फरार हो गया।

​इस दुस्साहसिक वारदात की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझा और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत लूट का अपराध दर्ज कर लिया। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बिना कोई वक्त गंवाए आरोपी बेलाल अहमद के घर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद लूटी गई मारुति कार भी सुरक्षित बरामद कर ली। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए संदेश दिया है कि आर्थिक विवादों का समाधान हमेशा कानून के दायरे में होना चाहिए; हिंसा और जबरन वसूली जैसे अपराधों में रायगढ़ पुलिस आगे भी इसी तरह त्वरित और कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।