Skip to content

पुलिस के हाथ लगा 300 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड, 1.86 करोड़ की खेप का था असली सरगना

रायगढ़।  जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार लगातार जारी है। पिछले महीने 1.86 करोड़ रुपये की 300 किलो गांजे की खेप पकड़े जाने के बाद से फरार चल रहे इस पूरे सिंडिकेट के मास्टरमाइंड को पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्कर शुभम यादव को गिरफ्तार किया है। 5 जून को ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही गांजे की यह भारी खेप पकड़ी गई थी। उस दौरान गिरफ्तार हुए तीन तस्करों ने ही पूछताछ में अपने इस सरगना का नाम उगला था, जिसके बाद से ही पुलिस तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों के जरिए इसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

​बुधवार को जैसे ही पुलिस को भनक लगी कि आरोपी अपनी किया (KIA) कार से रायगढ़ इलाके में देखा गया है, पूरी टीम तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी ने अपनी कार तेज रफ्तार में भगा कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्काल सरहदी थानों को अलर्ट कर तगड़ी नाकेबंदी कर दी। साइबर और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने लैलूंगा मुख्य मार्ग पर कुंजारा के पास इस शातिर मास्टरमाइंड को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया। मध्य प्रदेश के अनूपपुर का रहने वाला 29 वर्षीय शुभम यादव ही इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की किया कार, मोबाइल, नकदी और तीन एटीएम कार्ड सहित कुल 10.17 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की है।

​इस बड़ी कामयाबी ने यह साफ कर दिया है कि रायगढ़ पुलिस अब सिर्फ माल पकड़ने और कैरियर को जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी की जड़ और उसके फाइनेंसरों तक पहुंच रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि एनडीपीएस के मामलों में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी सरगना को बख्शा नहीं जाएगा। इस अहम कार्रवाई को सफल बनाने में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव और उनकी पूरी टीम की भूमिका बेहद खास रही। आरोपी शुभम को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।