रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के प्रशासनिक महकमे में बड़ा बदलाव करते हुए 8 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। मंत्रालय महानदी भवन से मंगलवार, 7 जुलाई को जारी इस लिस्ट में रायगढ़ जिले से भी एक अहम नाम शामिल है। जिले के घरघोड़ा अनुविभाग में बतौर एसडीएम (SDM) अपनी सेवाएं दे रहे 2023 बैच के युवा और तेजतर्रार आईएएस अफसर श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी को अब नई और बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के सचिव रजत कुमार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत, राजनांदगांव के पद पर पदस्थ किया गया है।
घरघोड़ा में एसडीएम (राजस्व) रहते हुए उन्होंने कई अहम प्रशासनिक मामलों को संभाला और आम जन से जुड़े मुद्दों पर काम किया। अब उनका यह ट्रांसफर एक तरह से प्रमोशन जैसी जिम्मेदारी है, क्योंकि राजनांदगांव जैसे बड़े जिले में ग्रामीण विकास और पंचायत की कमान अब सीधे उनके हाथों में होगी।
राज्य के इन अधिकारियों के भी बदले प्रभार:
इस प्रशासनिक सर्जरी में रायगढ़ के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी हलचल हुई है। लिस्ट के प्रमुख बदलावों पर नजर डालें तो:
- श्री रिमिजियुस एक्का (संचालक, नगरीय प्रशासन) को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के CEO का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- राजनांदगांव की निवर्तमान जिपं CEO सुश्री सुरुचि सिंह को अब नगर पालिक निगम, भिलाई का नया आयुक्त (कमिश्नर) बनाया गया है।
- इसके अलावा धमतरी, बस्तर, कोरबा और दंतेवाड़ा जिलों में भी नए जिला पंचायत CEO की नियुक्ति की गई है। जिनमें श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, श्री प्रतीक जैन, श्री जयंत नाहटा, श्री एम. भार्गव और श्री तन्मय खन्ना जैसे युवा अफसरों के नाम शामिल हैं।




