Skip to content

“ब्राह्मणों के श्राप से…” गणेश अग्रवाल की जातीय टिप्पणी पर रायगढ़ में बवाल, सर्व ब्राह्मण समाज की कोतवाली में  शिकायत

रायगढ़। सोशल मीडिया पर भ्रामक और जातीय टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का एक नया मामला रायगढ़ में सामने आया है। फेसबुक पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई एक अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शहर का सर्व ब्राह्मण समाज आक्रोशित हो उठा है। विवाद के केंद्र में शहर के गणेश अग्रवाल हैं, जिनके खिलाफ समाज के लोगों ने एकजुट होकर सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

विवाद की शुरुआत फेसबुक पर हुई एक चर्चा से हुई। मिली जानकारी के अनुसार, परितोष शुक्ला के एक फेसबुक अकाउंट/पोस्ट पर गणेश अग्रवाल नाम के व्यक्ति ने सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करते हुए लिखा— “ब्राह्मणों के श्राप से बैले नहीं मरा करती।” इस टिप्पणी के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई। दीपक हरितस शर्मा ने जब इस पर आपत्ति जताते हुए पूछा कि इसमें ‘जाति और ब्राह्मण’ का नाम क्यों लाया गया, तो गणेश अग्रवाल ने अपनी गलती मानने के बजाय इसे एक ‘पुरातन कहावत’ बताकर ब्राह्मणों पर ही कटाक्ष करना जारी रखा।

गणेश अग्रवाल पर समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप

फेसबुक पर ही इस बहस में दीपक शर्मा ने गणेश अग्रवाल को आड़े हाथों लेते हुए लिखा कि “ब्राह्मणों के श्राप से भले बैल न मरे, पर अहंकार जरूर मर जाता है।” उन्होंने गणेश अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी आदत है कि हर मुद्दे को जाति के चश्मे से देखकर समाज में वैमनस्य फैलाएं। पहले भी इनके द्वारा कई समाजों के बारे में अनर्गल बातें लिखी गई हैं और जातियों को बीच में लाकर लोगों को उकसाना इनकी फितरत बन चुकी है।

अन्य यूजर्स ने भी गणेश अग्रवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एडवोकेट प्रवीण त्रिपाठी ने अपने फेसबुक वॉल पर सीधे सवाल दागते हुए लिखा— “इस गणेश अग्रवाल को जातीय टिप्पणी करने की छूट किसने दी…?”

सर्व ब्राह्मण समाज पहुंचा थाने, की एफआईआर की मांग

शनिवार, 4 जुलाई 2026 को सर्व ब्राह्मण समाज, रायगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने एकजुटता दिखाते हुए सिटी कोतवाली थाने का घेराव किया और थाना प्रभारी महोदय को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। शिकायत पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेखित है कि गणेश अग्रवाल की इस अनुचित टिप्पणी से पूरा सर्व ब्राह्मण समाज बहुत आहत है, अतः उनके विरुद्ध तत्काल उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

​समाज के युवा नेता अमित शर्मा ने थाने में ज्ञापन सौंपते हुए तस्वीरें साझा कीं और एक कड़ा संदेश दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि अग्रवाल समाज का देश और समाज के लिए हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन इसी समाज में गणेश अग्रवाल जैसे ‘घटिया सोच’ वाले व्यक्ति भी हैं, जो गोवंश (बैल) को ब्राह्मणों के श्राप से जोड़कर ब्राह्मणों को गोवंश का हत्यारा साबित करने की साजिश कर रहे हैं।

​अब रायगढ़ की जनता और सर्व ब्राह्मण समाज की निगाहें सिटी कोतवाली पुलिस पर टिकी हैं कि समाज में जातीय जहर घोलने वाले ऐसे व्यक्ति पर पुलिस प्रशासन क्या और कितनी सख्त कार्रवाई करता है।