रायगढ़, 12 जून: जिले में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए रायगढ़ पुलिस इन दिनों पूरे एक्शन मोड में है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक तरफ जहां सालों से फरार चल रहे हत्या के प्रयास के वांटेड आरोपी को सलाखों के पीछे डाला है, वहीं दूसरी ओर एक विवाहिता से दुष्कर्म कर 35 लाख रुपये ऐंठने वाले शातिर ब्लैकमेलर को भी धर दबोचा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद दोनों ही मामलों में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फेसबुक की दोस्ती पड़ी भारी, सालों तक किया शारीरिक और आर्थिक शोषण
कोतरारोड़ इलाके की एक विवाहिता के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने सोशल मीडिया की दोस्ती के खतरनाक अंजाम को उजागर किया है। पुलिस के ‘अभियान संवेदना’ के तहत पकड़े गए आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष, निवासी सारंगढ़) ने हाईस्कूल की पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाया। 2019 में उसने फेसबुक के जरिए महिला से दोबारा संपर्क साधा।
दिसंबर 2020 में जब महिला चंद्रपुर बस स्टैंड पर ससुराल जाने के लिए खड़ी थी, तब आरोपी ने लिफ्ट देने के बहाने उसे अपनी कार में बैठा लिया। रास्ते में एक सुनसान खेत के पास उसने कार में ही महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और छुपकर इसका वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
35 लाख रुपये की अवैध वसूली:
इसी वीडियो के दम पर आरोपी ने महिला की जिंदगी नर्क बना दी। बदनामी के डर से घुट-घुट कर जी रही महिला से आरोपी ने पिछले कई सालों में ब्लैकमेल कर करीब 35 लाख रुपये (नकद और जेवर) ऐंठ लिए। जब प्रताड़ना इतनी बढ़ गई कि महिला आत्महत्या की सोचने लगी, तब उसने हिम्मत जुटाकर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम बनाई। पुलिस ने रात के अंधेरे में ही सारंगढ़ के ग्राम बंजारी में दबिश दी और आरोपी को उसकी स्विफ्ट कार और मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया।



