Skip to content

अवैध संबंध के शक का खौफनाक अंजाम: पत्नी ने हंसिए से काटा पति का प्राइवेट पार्ट, हालत गंभीर

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने पति के चरित्र पर शक के चलते ऐसा कदम उठाया, जिसे सुनकर हर किसी की रूह कांप जाए। बीती रात हुए एक भारी विवाद के बाद गुस्से में आगबबूला हुई पत्नी ने धारदार हंसिए से अपने ही पति का प्राइवेट पार्ट काट डाला। खून से लथपथ और दर्द से चीखते पति को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल (SIMS) में भर्ती कराया गया है। चकरभाठा थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

शक ने उजाड़ दिया घर का सुकून

मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना क्षेत्र का रहने वाला पीड़ित राकेश (बदला हुआ नाम) पेशे से एक राजमिस्त्री है। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के रिश्ते में ‘शक’ ने जगह बना ली थी। पत्नी को संदेह था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ चक्कर चल रहा है। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर तीखी नोकझोंक और झगड़े होते रहते थे। इसी कलह के चलते घर का माहौल पिछले कई दिनों से बेहद तनावपूर्ण था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि यह शक इतना खौफनाक मोड़ ले लेगा।

रात 1 बजे उठा विवाद और फिर…

रोजाना की तरह बीती रात भी खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। रात करीब 1 बजे पति-पत्नी के बीच उसी पुरानी बात (अवैध संबंध के शक) को लेकर फिर से बहस छिड़ गई। रात के सन्नाटे में विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी के सिर पर खून सवार हो गया। आपा खो चुकी महिला ने घर में रखा लोहे का धारदार हंसिया उठाया और अपने पति के प्राइवेट पार्ट को काट दिया।

चीखता हुआ बाहर भागा पति, सहम गया बेटा

इस दर्दनाक हमले के बाद राकेश खून से लथपथ हालत में चीखते-चिल्लाते हुए अपने कमरे से बाहर निकला। पिता की ऐसी खौफनाक हालत देखकर घर में मौजूद नाबालिग बेटा बुरी तरह सहम गया। उसने तुरंत अपनी बुआ को इस घटना की जानकारी दी।

कटे हुए अंग को लेकर अस्पताल पहुंचे रिश्तेदार

खबर मिलते ही घबराए हुए रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और बिना वक्त गंवाए कटे हुए अंग के साथ घायल राजमिस्त्री को आनन-फानन में सिम्स अस्पताल ले गए। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका इलाज शुरू कर दिया है, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

​इधर, घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वारदात की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद और दूसरी महिला से अफेयर का शक ही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।