कवर्धा: कवर्धा सिटी कोतवाली टीआई योगेश कश्यप ने घटना के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि अंबिकापुर में दर्ज एक गुमशुदगी मामले की जांच के दौरान एक मकान से तीन युवतियां और एक युवक मिला।
देह व्यापार का गोरखधंधा !
टीआई ने बताया कि गुमशुदा की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम घोटिया बाईपास रोड स्थित किरण पनागर नामक व्यक्ति के घर पहुंची, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवतियां और एक युवक मौजूद मिले. पुलिस अंबिकापुर की जिस लड़की को ढूंढने गई थी वो नहीं मिली. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर रेड की और सभी को हिरासत में ले लिया है।
तीनों युवतियां बालिग है. दो युवतियां कोरबा की रहने वाली है और एक युवती बिलासपुर की रहने वाली है. पकड़ा गया युवक कवर्धा की ही रहने वाला है, जिसका नाम अफजल खान है –योगेश कश्यप, टीआई ,कवर्धा सिटी कोतवाली
कवर्धा पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि संबंधित मकान में कथित रूप से देह व्यापार का गोरखधंधा संचालित किया जा रहा था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला केवल गुमशुदगी से जुड़ा है या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क अथवा अन्य गतिविधियों का भी संबंध है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
मौके से मिले लोगों के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. इधर, इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



