मनेंद्रगढ़ : सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, जब जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच टकराव होता है, तो उसकी गूंज दूर तक सुनाई देती है। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी (एमसीबी) जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो और एक महिला तहसीलदार के बीच सरेआम तीखी नोकझोंक हो गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें नेता जी का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आ रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भड़का गुस्सा
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम तब हुआ जब पूर्व विधायक गुलाब कमरो अपने समर्थकों के साथ किसी मुद्दे पर ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका सामना महिला तहसीलदार से हो गया। बातचीत शुरू ही हुई थी कि अचानक माहौल गरमा गया। दरअसल, पूर्व विधायक के मन में तहसीलदार से फोन पर हुई किसी पुरानी बातचीत की टीस थी, जो आमने-सामने आते ही फूट पड़ी।
“फोन पर कहती थीं नहीं जानती, अब जान लीजिए…”
वायरल वीडियो में गुलाब कमरो बेहद तल्ख लहजे में तहसीलदार को खरी-खोटी सुनाते दिख रहे हैं। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- “आपने फोन पर कहा था कि आप गुलाब कमरो को नहीं जानतीं। तो अब जान लीजिए, मैं ही गुलाब कमरो हूं। इस तरह की भाषा का प्रयोग मत किया करो।”
जब तहसीलदार ने बीच-बचाव करते हुए धीरे से कहा कि “ऐसा कुछ नहीं है”, तो पूर्व विधायक का पारा और चढ़ गया। उन्होंने सरेआम कहा- “तो क्या मैं झूठ बोल रहा हूं? बेवकूफ हूं मैं? मैं तो इंतजार कर रहा था कि कब आपसे आमने-सामने मुलाकात होगी। आज मिली हो तो जान लो कि मैं ही गुलाब कमरो हूं।” इस दौरान उनके साथ खड़े समर्थकों ने भी तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
“जनप्रतिनिधि से ऐसा सलूक, तो आम जनता का क्या होगा?”
इस तीखी बहस के बाद गुलाब कमरो ने प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वह इस क्षेत्र से तीन बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इसके बावजूद अगर कोई तहसीलदार यह कहती है कि वह उन्हें नहीं जानती, तो यह हैरानी की बात है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक जिम्मेदार अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा रुखा व्यवहार कर सकती है, तो फिर वह आम जनता के काम कैसे करती होगी और उनके साथ कैसा सलूक करती होगी?
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे वाकये का वहां मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। आम जनता के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कोई इसे अफसरशाही का गुरूर बता रहा है, तो कोई नेता जी के कड़े तेवर की बात कर रहा है।
नीचे देखें वायरल वीडियो



