कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बीती रात एक मामूली जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोपालपुर मुख्य मार्ग पर दो गुटों के बीच ऐसा संग्राम छिड़ा कि बीच सड़क पर ही लाठी-डंडे चलने लगे। इस खूनी संघर्ष में न सिर्फ पुरुष, बल्कि महिलाएं भी एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू नजर आईं। घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
कहासुनी से शुरू हुआ था विवाद, फिर बरसने लगीं लाठियां
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों से महज ‘दो गज’ जमीन के टुकड़े को लेकर अंदरूनी तनातनी चल रही थी। बीती रात गोपालपुर मुख्य मार्ग पर दोनों पक्ष किसी बात को लेकर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में तीखी नोकझोंक हुई, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि घरों से लाठी-डंडे निकल आए। इस हिंसक झड़प में दोनों तरफ से जमकर हमले हुए, जिसमें दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।
तमाशबीन बनी रही भीड़, किसी ने बनाया वीडियो
बीच सड़क पर हो रहे इस बवाल को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव की कोशिश की और मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
पुलिसिया पचड़े से बचने नहीं की शिकायत, मंडरा रहा बड़े खतरे का अंदेशा
इस पूरे मामले में सबसे हैरानी की बात यह है कि सरेआम हुई इस गुंडागर्दी और गंभीर चोटें आने के बावजूद, किसी भी पक्ष ने पुलिस के पास जाने की जहमत नहीं उठाई। पुलिसिया कार्रवाई और कोर्ट-कचहरी के पचड़े से बचने के लिए दोनों ही पक्षों ने दर्री थाने में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
भले ही मामला अभी शांत नजर आ रहा हो, लेकिन दोनों गुटों के बीच तनाव की स्थिति जस की तस बनी हुई है। इलाके के लोगों में दहशत है कि अगर पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में यह रंजिश किसी और बड़ी खूनी वारदात को अंजाम दे सकती है।



