Skip to content

विधायक के जन्मदिन में सरकारी अधिकारियों ने बांधा समा, तहसीलदार-पुलिसकर्मियों का VIDEO हुआ वायरल, मचा हड़कंप

सूरजपुर।  सियासी गलियारे में आजकल एक ‘बर्थडे पार्टी’ के खूब चर्चे हैं, मामला प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के जन्मदिन का है, जहाँ कार्यकर्ताओं से ज्यादा तो सरकारी साहबों का जमावड़ा नजर आया। आमतौर पर फाइलों और कानून की बारीकियों में उलझे रहने वाले अधिकारी इस पार्टी में बिल्कुल अलग ही रंग में रंगे नजर आए। वायरल वीडियो में आलम यह था कि तहसीलदार और पुलिसकर्मी वन कर्मी शिक्षक अपनी ‘शासकीय मर्यादा’ को किनारे रख, सुर से सुर मिलाते दिखे। यहा सरकारी अधिकारियों की सिर्फ हाजिरी ही नहीं लगी, बल्कि अधिकारियों ने गाना गाकर ऐसा समां बांधा कि देखने वाले दंग रह गए। PWD और शिक्षा विभाग के अफसरों ने भी अपनी उपस्थिति से पार्टी में चार चाँद लगाए।

आशीर्वाद’ की अति,जब मर्यादा भूल गए साहब


पार्टी में मनोरंजन तो ठीक था, लेकिन शिक्षा विभाग के साहब ने तो वफादारी की सारी हदें ही पार कर दीं। वीडियो में वो विधायक जी के पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। अब इसे ‘सम्मान’ कहें या ‘सियासी झुकाव’, सोशल मीडिया पर लोग इसे सरकारी निष्पक्षता की धज्जियां उड़ना बता रहे हैं।

सोशल मीडिया पर ‘हड़कंप’


जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। लोग चटखारे लेकर पूछ रहे हैं “साहब, जनता के काम के लिए वक्त हो न हो, विधायक जी की महफिल में सुर छेड़ने का टाइम जरूर है!” फिलहाल, यह वीडियो सूरजपुर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और सवाल खड़ा कर रहा है कि आखिर अधिकारी, सरकारी ‘कुर्सी’ और ‘सियासी दोस्ती’ के बीच की लकीर को इतना धुंधला कैसे कर सकते हैं?