Skip to content

सरकारी दफ्तर बना अखाड़ा! CMO के सामने अकाउंटेंट की पिटाई, जमकर चले थप्पड़-घूंसे

गरियाबंद 9 मई 2026।  देवभोग नगर पंचायत कार्यालय में वेतन भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। नगर पंचायत के सीएमओ कक्ष के अंदर अकाउंटेंट और इंजीनियर के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद नगर पंचायत कार्यालय में तनाव का माहौल बन गया है और कर्मचारी संगठन भी खुलकर इस विवाद में उतर आए हैं।

जानकारी के अनुसार घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे के बाद की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों को मिलने वाला वेतन 1 मई तक जारी नहीं हो पाया था। 7 मई तक भी वेतन भुगतान नहीं होने से नगर पंचायत में पदस्थ इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने नगर पंचायत के अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को सीएमओ के कक्ष में चर्चा के लिए बुलाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि इंजीनियर के साथ मौजूद कुछ सहयोगियों ने अकाउंटेंट के साथ कथित तौर पर हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई और अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर ने भी जवाब में मारपीट की। देखते ही देखते सीएमओ कक्ष विवाद का केंद्र बन गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। नगर पंचायत जैसे सरकारी कार्यालय में इस तरह की घटना को लेकर लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की मामले की शिकायत के बाद देवभोग पुलिस ने सब इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक समेत तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर लेखापाल संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी धारा 296 और 351 (3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।