Skip to content

रायगढ़ में IPL मैच में सट्टा खेलाते आरोपी पकड़ाया: खेलने वाला युवक भी गिरफ्तार..!

रायगढ़, 4 मई। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। रायपुर में डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात अपराधी को पुलिस ने छाल थाना क्षेत्र में आईपीएल (IPL) क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी के साथ सट्टा खेलने वाले एक अन्य युवक को भी पुलिस ने दबोचा है।

दुष्कर्म और डकैती जैसी गंभीर वारदातों में रहा है शामिल

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु (28 वर्ष), निवासी ग्राम बरभौना, कोई साधारण सटोरिया नहीं है। मार्च 2023 में उसके खिलाफ छाल थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल भी जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित एक ट्रेडिंग ऑफिस में डकैती की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही वह पुलिस को चकमा देकर ओडिशा, रायपुर और अपने गांव के आसपास लुक-छिप कर रह रहा था और इसी दौरान उसने ऑनलाइन सट्टे का अवैध नेटवर्क खड़ा कर लिया।

‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत हुई कार्रवाई

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)  शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जुआ और सट्टे के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी छाल के कुरकुट नदी पुल के पास पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच चल रहे आईपीएल मैच में बॉल-टू-बॉल ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। एसडीओपी (खरसिया) प्रभात पटेल के मार्गदर्शन और छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

​उसके मोबाइल की जांच करने पर सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन लेन-देन के रिकॉर्ड मिले। मौके से रूपधर पटेल (22 वर्ष) नाम के एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने फोन-पे (PhonePe) के माध्यम से पैसे ट्रांसफर कर दांव लगाने की बात स्वीकार की।

आरोपियों का विवरण और जब्त सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल ₹82,000 से अधिक की संपत्ति बरामद की है। दोनों पर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 व 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

  • गिरफ्तार आरोपी:
    1. ​चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु (28 वर्ष), निवासी बरभौना, थाना छाल
    2. ​रूपधर पटेल (22 वर्ष), निवासी बरभौना, थाना छाल