बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र में गुरुवार को क्लिंकर फर्नेस के दौरान हुए जोरदार विस्फोट से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी भावना गुप्ता और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संयंत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को पहले भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर बिलासपुर रेफर किया गया।
मंत्रियों की प्रतिक्रिया: मंत्री टंक राम वर्मा ने सुरक्षा मानकों की गहन जांच का आदेश दिया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शोक जताते हुए घायलों के इलाज को प्राथमिकता देने और पीड़ित परिवारों को हर सहयोग का भरोसा दिलाया।
घायलों के नाम: मोटाज अंसारी (26, बढ़ई), सराफत अंसारी (32, बढ़ई), साबिर अंसारी (37, बढ़ई), कल्पू भुइया (51, हेल्पर), रामू भुइया (34, हेल्पर)।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मजदूर सुरक्षा पर अब सवाल उठने लगे हैं।



