Skip to content

रायगढ़-ओडिशा ट्रांसपोर्टर्स में भिड़ंत: टपरिया बॉर्डर सील, भारी वाहनों पर रोक

रायगढ़। रायगढ़ जिले के टपरिया बॉर्डर पर ओडिशा के ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय वाहन मालिकों के बीच रविवार शाम जमकर झगड़ा हो गया। मारपीट की इस घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया। अब दोनों ओर से ट्रेलर, डंपर जैसे भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है।

घटना के बाद रायगढ़ के वाहन मालिक तमनार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 140 नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस बॉर्डर से रोजाना 1000 से अधिक गाड़ियां गुजरती हैं, लेकिन अब कोयला परिवहन सहित सभी व्यवसाय प्रभावित हो गए हैं। ओडिशा से प्लांटों तक कोयले की आपूर्ति ठप हो चुकी है।

सोमवार शाम वाहन मालिकों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। रायगढ़ ट्रेलर यूनियन के अध्यक्ष आशीष यादव ने बताया कि आज कुछ घंटों के लिए बॉर्डर खोला जाएगा। इस दौरान रायगढ़ की गाड़ियां ओडिशा से लौट सकेंगी और ओडिशा की गाड़ियां यहां आ सकेंगी। उसके बाद फिर से सील कर दिया जाएगा। मामला सुलझने तक बॉर्डर बंद रहेगा।