Skip to content

दिल दहला देने वाली घटना: रूम हीटर से लगी आग में बुजुर्ग जिंदा जले.. देखें वीडियो

रायपुर। राजधानी  के टाटीबंद क्षेत्र में रविवार सुबह एक घर में अचानक भीषण आग लगने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। आग की चपेट में आने के दौरान बुजुर्ग लगातार मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन घर का दरवाजा बाहर से बंद होने और ताला लगे होने के कारण पड़ोसी उन्हें बचा नहीं सके। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई।

मृतक की पहचान राजकुमार गुप्ता (70 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय वे घर में अकेले थे। उनका बेटा घरेलू सामान लेने बाहर गया हुआ था और उसने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया था। इसी दौरान घर में आग लग गई। जब तक बेटा वापस लौटा, तब तक आग में पूरा घर जल चुका था और बुजुर्ग की जान जा चुकी थी।

पड़ोसियों की कोशिश नाकाम, डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड

आग लगते ही बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन मजबूत ताले के कारण वे असफल रहे। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, हालांकि दमकल की टीम लगभग डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया।

रूम हीटर से आग लगने की आशंका

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सर्दी के मौसम में इस्तेमाल किए जा रहे रूम हीटर से शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगी होगी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

घटना ने सर्दियों में हीटर के सुरक्षित उपयोग और आपात स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्था की गंभीरता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।