कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के एक धान खरीदी केंद्र में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हुई। जंगल से निकला भूखा दंतेल हाथी अचानक केंद्र में घुस आया और धान के ढेर पर टूट पड़ा। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने हल्ला मचाकर और एकजुट होकर उसे खदेड़ दिया, लेकिन इस घटना से कर्मचारियों व ग्रामीणों में दहशत फैल गई।राहत की बात यह रही कि हाथी ने गुस्से में किसी पर हमला नहीं किया, वरना बड़ी अनहड़ी घटना हो सकती थी।
पूरा वाकया मोबाइल पर कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कर्मचारी धान बचाने के लिए हाथी को डराते-भगाते नजर आ रहे हैं।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं। पहले भी हाथी बार-बार केंद्रों में घुसकर धान खा जाते रहे हैं। इस बार भी सूचना मिलते ही इलाके में डर का माहौल छा गया। कई ग्रामीण रात भर जागते रहे।
वन विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग को सूचित किया गया। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण व कर्मचारी चिंतित हैं। विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।



