रायगढ़। शहर की सड़कों पर बुलेट के साइलेंसर से ‘पटाखे’ जैसी आवाज निकालकर भौकाल काटना एक युवक को खासा महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त एक्शन लिया है और वाहन चालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना ठोक दिया है।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने सख्त निर्देश दे रखे हैं। इन्ही निर्देशों के तहत थाना और यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें रोजाना शाम को सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही हैं।
डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम जब चेकिंग कर रही थी, तभी एक बुलेट (क्रमांक CG 13 UJ 4901) वहां से गुजरी। बुलेट से पटाखे फूटने जैसी कानफोड़ू आवाज आ रही थी, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोग भी चौंक गए। पुलिस ने तत्काल वाहन को रोका। जांच में यह बात सामने आई कि बुलेट में कंपनी का असली साइलेंसर हटाकर अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था।
इस तरह की तेज आवाजें न सिर्फ भारी ध्वनि प्रदूषण फैलाती हैं, बल्कि अचानक आने वाली तेज आवाज से सड़क पर चलने वाले बुजुर्गों और बच्चों के घबराने से हादसों का खतरा भी बना रहता है। मामले में बिना देर किए यातायात पुलिस ने बुलेट चालक अवधेश कुमार श्रीवास के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(4) के तहत कार्रवाई करते हुए 5,000 रुपये का चालान काट दिया।



