Skip to content

नाबालिग छात्रा से रेप: SSP के दखल के बाद आरोपी शिक्षक पर FIR, भेजा गया जेल

बिलासपुर। 08 जून 2026| गुरु-शिष्य जैसी पवित्र परंपरा को शर्मसार और कलंकित करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला छत्तीसगढ़ बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र से सामने आया है। प्राइवेट स्कूल के एक शिक्षक ने अपनी ही 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा को किताब देने के बहाने बहला-फुसलाकर होटल ले गया और रेप किया। शिक्षक ने छात्रा से कई बार दुष्कर्म किया। बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शर्मनाक बात ये पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर जब स्कूल के शिक्षकों व प्रिंसिपल को इस घटना की जानकारी दी तो किसी ने कुछ नहीं किया।

किताब दिलाने के बहाने होटल में दरिंदगी, फिर दी धमकी

​ रूह कंपा देने वाली घटना दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। आरोप है कि प्राइवेट स्कूल में पदस्थ शिक्षक राहुल बंगारु ने छात्रा को किताब दिलाने का झांसा दिया और उसे एक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए छात्रा के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी शिक्षक ने उसे मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण मासूम लंबे समय तक खौफ और मानसिक दबाव में रही।

साख बचाने के लिए मर्यादा ताक पर: स्कूल प्रबंधन ने की मामला दबाने की कोशिश

​परीक्षा समाप्त होने के बाद जब पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और टीसी लेने के दौरान स्कूल के प्राचार्य और अन्य शिक्षकों को अपनी आप-बीती सुनाई, तो उम्मीद थी कि शिक्षा का यह मंदिर अपनी छात्रा के साथ खड़ा होगा। लेकिन प्रबंधन ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय अपनी साख बचाने के लिए मामले को दबाने और नजरअंदाज करने का घिनौना प्रयास किया।

​प्रबंधन ने मामले की पूरी जानकारी होने के बावजूद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कोई जहमत नहीं उठाई। अब अपनी खाल बचाने के लिए प्रबंधन यह खोखला और हास्यास्पद दावा कर रहा है कि आरोपी शिक्षक ने जुलाई माह में ही इस्तीफा दे दिया था। यह सीधे तौर पर सच से मुंह चुराने और अपनी प्रशासनिक विफलता पर बैक-डेटेड इस्तीफे का पर्दा डालने की नाकाम कोशिश है।

पुलिस की शुरुआती आनाकानी, एसएसपी की नाराजगी के बाद एफआईआर

​पीड़ित परिजनों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर सिरगिट्टी थाना पहुंचे, तो पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय अधिकार क्षेत्र का हवाला देकर उन्हें टरका दिया। इसके बाद मामला एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने सिरगिट्टी थाना प्रभारी को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी शिक्षक राहुल बंगारु को गिरफ्तार किया गया।

​दुष्कर्म का आया एक और मामला

एक मामला रायपुर की युवती का है। युवती का आरोप है कि वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए परिचय होने के बाद तिफरा निवासी युवक ने शादी का वादा कर रायपुर और बिलासपुर के होटलों में कई बार दुष्कर्म किया। बाद में उसने संबंध खत्म कर दिए और फोन नंबर ब्लॉक कर दिया।

रविवार को युवती युवक के घर पहुंची तो उसके बड़े भाई ने कथित रूप से मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद वह शिकायत लेकर सिरगिट्टी थाने पहुंची। युवती लगातार यह कहती रही कि उसके साथ बिलासपुर में भी दुष्कर्म हुआ है, लेकिन उसे रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी जाती रही। इस दौरान वह थाने में रोते हुए अपनी बात रखती रही और अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। महिला पुलिसकर्मी उसे अस्पताल ले गई। बाद में मामला एसएसपी के संज्ञान में आया, जिसके बाद मारपीट का केस दर्ज किया गया।