रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में प्रशासनिक कसावट लाते हुए बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य शासन द्वारा जारी नवीन आदेश के तहत कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) को इधर से उधर किया गया है। इस फेरबदल में श्यामानंद साहू को रायगढ़ जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
एम. जी. सतीश कुमार को रायपुर की कमान
जारी आदेश के अनुसार, रायपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को हटाकर प्रभारी उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय (नवा रायपुर) के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, एम. जी. सतीश कुमार को रायपुर जिले का नया जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बनाया गया है। इसके साथ ही बीएल देवांगन (प्रभारी उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय) को महासमुंद का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बिलासपुर, सक्ती और बलौदाबाजार में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिलासपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार तांडे को सक्ती जिला भेजा गया है, जबकि उनकी जगह रामेश्वर जायसवाल को बिलासपुर DEO की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार संदीप शर्मा को बलौदाबाजार-भाटापारा का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
अन्य जिलों में किसे मिली जिम्मेदारी?
राज्य सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार विभिन्न जिलों में नए प्रभारियों की नियुक्ति इस प्रकार है:
- रायगढ़: श्यामानंद साहू (प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी)
- गरियाबंद: राजेश चंद्राकर (प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी)
- धमतरी: मधुलिका तिवारी (प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी)
- बेमेतरा: अभय जायसवाल (प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी)
- बीजापुर: राजेश कुमार पांडेय (प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी)
- नारायणपुर: महेंद्र नाथ पांडे (प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी)
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के इस बड़े कदम को शैक्षणिक सत्र के सुचारू संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम बदलाव माना जा रहा है।







