Skip to content

6 साल का हवस का खेल.. फिर रचाई दूसरी शादी: महाठग सलीम का ‘डबल गेम’ बेनकाब, रायगढ़ SP दफ्तर में दोनों पीड़ितों ने खोली पोल, आरोपी हिरासत में!

रायगढ़। जिला पुलिस कप्तान कार्यालय में आज उस समय एक अजीब और बेहद संवेदनशील स्थिति निर्मित हो गई, जब दो अलग-अलग महिलाएं एक ही युवक के खिलाफ शिकायत लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के सामने पहुंच गईं। मामला प्रेम, विश्वासघात और कई महिलाओं को एक साथ धोखे में रखने से जुड़ा हुआ है। जिले में चलाए जा रहे विशेष “अभियान संवेदना” के तहत एसएसपी ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए, जिसके बाद कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

सुरक्षा मांगने पहुंची थी पहली महिला, खुल गया धोखे का बड़ा राज

​इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत 5 जून 2026 को हुई, जब खरसिया क्षेत्र की रहने वाली एक 45 वर्षीय महिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। उसने एसएसपी शशि मोहन सिंह को आवेदन सौंपकर खुद के लिए सुरक्षा की मांग की। महिला का कहना था कि उसने हाल ही में गाजियाबाद के रहने वाले 30 वर्षीय सलीम के साथ जांजगीर-चांपा जिले के एक मंदिर में विवाह कर लिया है। इस शादी से उसके बेटे बेहद नाराज हैं और उसे घर में घुसने नहीं दे रहे हैं। पुलिस ने इस आवेदन को गंभीरता से लेते हुए इसकी अंदरूनी जांच शुरू ही की थी कि मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया।

6 साल तक किया शारीरिक शोषण, दूसरी युवती ने खोली सलीम की पोल

​अभी पहली महिला के आवेदन पर जांच चल ही रही थी कि अगले दिन खरसिया क्षेत्र की ही एक अन्य 28 वर्षीय युवती अपनी गंभीर शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गई। इस युवती के बयानों ने पुलिस को भी हैरान कर दिया।

कोरोना काल से चल रहा था प्रेम जाल:

पीड़िता ने बताया कि कोरोना काल के दौरान गाजियाबाद निवासी सलीम खरसिया क्षेत्र में फेरी (कपड़े या अन्य सामान बेचने) का काम करता था। इसी दौरान वह युवती के संपर्क में आया। सलीम ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का पवित्र वादा करके लगातार 6 साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस बीच वह युवती को दिल्ली स्थित अपनी बहन के घर भी लेकर गया था, जिससे युवती को उसकी नीयत पर कोई शक नहीं हुआ और वह लगातार शादी का इंतजार करती रही।

कई लड़कियों से चैटिंग और मंदिर में गुपचुप शादी

​पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसे भनक लगी कि सलीम किसी और महिला के संपर्क में भी है और उससे भी शादी के वादे कर रहा है। युवती ने जब उस दूसरी महिला से फोन पर बात की, तो उस महिला ने भी यही कहा कि सलीम उसे अपनी पत्नी बनाकर रखेगा। इसी बीच जब युवती को पता चला कि सलीम ने उस महिला से जांजगीर के एक मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी कर ली है, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई और वह सीधे न्याय की गुहार लगाने कप्तान दफ्तर पहुंच गई।

मोबाइल में मिले कई युवतियों के नंबर और संदेश:

शिकायत में पीड़िता ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि सलीम सिर्फ इन दोनों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उसके मोबाइल फोन में कई अन्य युवतियों और महिलाओं के साथ आपत्तिजनक चैटिंग, संदेश और बातचीत के रिकॉर्ड मौजूद हैं। वह एक साथ कई लड़कियों को अपने जाल में फंसाए हुए था, जिसकी तकनीकी जांच अब पुलिस द्वारा की जा रही है।