Skip to content

रायगढ़: जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार

रायगढ़, 13 जुलाई। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। धरमजयगढ़ पुलिस ने ग्राम उदउदा के पास सार्वजनिक स्थान पर चल रहे एक बड़े जुआ फड़ का भंडाफोड़ करते हुए 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने ₹17,650 की नकदी और करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई सटीक घेराबंदी

​पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार शाम मुखबिरों से गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग “काट-पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं और वहां लाखों के वारे-न्यारे हो रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी और चारों तरफ से घेराबंदी कर जुआ खेल रहे पांच लोगों को धर दबोचा। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया और उन्हें भागने का मौका नहीं मिला।

कड़ी धाराओं में मामला दर्ज

​पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ धरमजयगढ़ थाने में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के चलते आरोपियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। इस सफल अभियान में एएसआई मंजु मिश्रा, रामसंजीवन वर्मा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।