Skip to content

Raigarh News: होटल व्हाइट रोज का संचालक सूरज सिंह गिरफ्तार, चेकिंग के दौरान पुलिस टीम से की थी बदसलूकी

रायगढ़: शहर में अनैतिक गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले होटल संचालकों पर रायगढ़ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस की चेकिंग के दौरान अभद्रता और हंगामा करने के आरोप में ‘होटल व्हाइट रोज’ के संचालक सूरज सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

समझाइश देने पर उग्र हो गया संचालक

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद शहर के होटलों, लॉज और सार्वजनिक आवासीय प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 जुलाई की शाम साइबर सेल और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने शहर स्थित ‘होटल व्हाइट रोज’ में औचक निरीक्षण किया।

​जांच के दौरान होटल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई खामियां पाई गईं। जब पुलिस टीम ने फतेहामुड़ा (थाना जूटमिल) निवासी और होटल संचालक सूरज सिंह (28 वर्ष) को सुरक्षा मानकों में तत्काल सुधार करने की समझाइश दी, तो उसने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद उसका रवैया आक्रामक ही रहा।

थाने में भी जारी रहा हंगामा, हुई सख्त कानूनी कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम संचालक सूरज सिंह को थाना कोतवाली ले आई। लेकिन थाने में भी उसका उग्र व्यवहार नहीं रुका। शांति भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की।

​आरोपी सूरज सिंह को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही धारा 126 एवं 135(3) BNSS के अंतर्गत इस्तगासा तैयार कर उसे सीधे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

होटलों की नियमित जांच रहेगी जारी

रायगढ़ पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए यह साफ संदेश दे दिया है कि जिले के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आगंतुकों का सत्यापन, सुरक्षा मानकों का पालन और अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम पुलिस के मुख्य एजेंडे में है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।