Skip to content

अलविदा हिमांशु दादा… रायगढ़ के चहेते अम्पायर अब हमारे बीच नहीं रहे

बीती रात 10:30 बजे ली अंतिम सांस, आज दोपहर 1:30 बजे कायाघाट मुक्तिधाम के लिए निकलेगी अंतिम यात्रा

रायगढ़। शहर के सत्तीगुड़ी चौक पर लक्ष्मी गुजराती डेयरी संचालित करने वाले और क्रिकेट मैदानों की शान रहे मशहूर अम्पायर हिमांशु चावड़ा अब हमारे बीच नहीं रहे। कल रात करीब 10.30 बजे मेजर हार्ट अटैक (हृदयाघात) आने से उनका आकस्मिक निधन हो गया। सबसे दुखद यह रहा कि उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा पाता, उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

चंद पलों में बिछड़ गया प्यारा दोस्त

हिमांशु सिर्फ एक बेहतरीन अम्पायर और व्यवहार कुशल व्यापारी ही नहीं, बल्कि यारों के यार थे। निधन से कुछ ही देर पहले तक वे बिल्कुल सामान्य थे और बाजार में दोस्तों से उनकी आमने-सामने बात भी हुई थी। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि चंद पलों बाद ही अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ जाएगा। उनके यूं अचानक चले जाने से पूरे रायगढ़ शहर, व्यापारी वर्ग और खेल जगत में गहरी शोक की लहर है।

आज दोपहर 1.30 बजे अंतिम यात्रा

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हिमांशु चावड़ा की अंतिम यात्रा आज दोपहर 1.30 बजे उनके सत्तीगुड़ी चौक स्थित निवास स्थान से निकाली जाएगी। उनका अंतिम संस्कार कायाघाट मुक्तिधाम में किया जाएगा।

​रायगढ़ ने आज अपना एक बहुत ही प्यारा दोस्त खो दिया है। ‘रायगढ़ सृष्टि’ परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि।