Skip to content

NRVS प्लांट में डस्ट की आड़ में 300 किलो  एस.एस. स्क्रैप पाइप की चोरी, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित एनआरवीएस (NRVS) स्टील लिमिटेड में हुई लाखों रुपये की संगठित चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि प्लांट के ही ‘अपनों’ ने बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया था। पूंजीपथरा पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप और घटना में प्रयुक्त एक ईको वाहन सहित कुल 9.08 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों के तहत पुलिस ने इन आरोपियों पर सामान्य चोरी की बजाय ‘संगठित अपराध’ की धारा 112(2) बीएनएस के तहत भी शिकंजा कसा है।

फिल्मी तर्ज पर रची गई थी चोरी की साजिश

​अपराधियों ने प्लांट के सुरक्षा चक्र को चकमा देने के लिए एक फूलप्रूफ प्लान बनाया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कंपनी के किल्न से निकाले गए एस.एस. पाइप को बाहर निकालने के लिए ‘फ्लाई ऐश’ (डस्ट) का सहारा लिया।

​योजना के मुताबिक, प्लांट के जेसीबी ऑपरेटर बृज कुमार खटकर ने स्क्रैप पाइपों को डस्ट में छिपा दिया। इसके बाद लोडर चालक दीपक कुमार कश्यप ने बड़ी ही चालाकी से उन डस्ट में छिपे पाइपों को ट्रेलर (CG 13 D 6980) में लोड कर दिया। ट्रेलर चालक नंदकिशोर विश्वकर्मा इस माल को सुरक्षित तरीके से प्लांट से बाहर निकालकर गेरवानी ले गया। बाद में करन श्रीवास और राजेश पटेल ने इसे एक ईको वैन (CG 13 BH 7556) में लोड कर तराईमाल के घने जंगलों में छिपा दिया। ये सभी माल खपाकर पैसे बांटने की फिराक में थे, लेकिन पूंजीपथरा पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सके।

ऐसे हुआ 24 घंटे में पुलिस का एक्शन

​6 जून 2026 की रात प्लांट के प्रबंधक पवन अग्रवाल ने पूंजीपथरा थाने में 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप (कीमत लगभग 1.08 लाख रुपये) चोरी होने की एफआईआर दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। कर्मचारियों से पूछताछ के दौरान पुलिस के सक्रिय मुखबिर तंत्र से सटीक सूचना मिली कि चोरी का माल जंगल में छिपाया गया है और कुछ संदिग्ध ग्राहक तलाश रहे हैं। बिना समय गंवाए पुलिस ने एनआरवीएस प्लांट के पीछे घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर सारा माल और वाहन भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

​इस बड़े खुलासे में एएसपी श्री अनिल कुमार सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की तथा आरक्षक विनोद शर्मा, ओम प्रकाश तिवारी एवं सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी:

  1. नंदकिशोर विश्वकर्मा (23 वर्ष) – निवासी चतरा (झारखंड), हाल मुकाम पूंजीपथरा (ट्रेलर चालक)
  2. राजेश कुमार पटेल (21 वर्ष) – निवासी बगबुड़ा, थाना पूंजीपथरा
  3. करन श्रीवास (22 वर्ष) – निवासी गेरवानी, थाना पूंजीपथरा
  4. दीपक कुमार कश्यप (24 वर्ष) – निवासी जांजगीर-चांपा, हाल मुकाम गेरवानी (लोडर चालक)
  5. बृज कुमार खटकर (26 वर्ष) – निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल मुकाम गेरवानी (जेसीबी ऑपरेटर)

बरामदगी का विवरण (कुल 9,08,000 रुपये):

  • चोरी का माल: 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप (कीमत 1,08,000 रुपये)
  • जब्त वाहन: ईको वाहन CG 13 BH 7556 (कीमत 8,00,000 रुपये)