Skip to content

कोतरारोड क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़..पति से मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार..

रायगढ़: महिलाओं की सुरक्षा के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए रायगढ़ पुलिस ने छेड़छाड़ और मारपीट के दो आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। कोतरारोड़ पुलिस ने घटना के 48 घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।

क्या था पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता 3 मई को अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से सक्ती से रायगढ़ लौट रही थी। ग्राम बैसपाली के पास उनकी मोटरसाइकिल खराब हो गई, जिसके बाद दोनों वाहन को पैदल ढकेलते हुए ला रहे थे। ग्राम कुसमुरा तालाब के पास जब महिला शौच के लिए रुकी, तभी कार क्रमांक CG 13 AM 1892 में सवार दो व्यक्तियों ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

​जब पीड़िता के पति ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

महिला के साहस ने पहुँचाया जेल

​इस पूरी घटना के दौरान पीड़िता ने साहस का परिचय दिया। उन्होंने डरे बिना अपने मोबाइल से दोनों आरोपियों की फोटो खींच ली। यही फोटो पुलिस के लिए सबसे अहम साक्ष्य बनी। 4 मई को पीड़िता ने थाना कोतरारोड़ पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी

​महिला की शिकायत पर बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस हरकत में आई। प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी और निरीक्षक शील आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी चैतन्य राणा (34 वर्ष) और उत्तरा कुमार श्रीवास (40 वर्ष), दोनों निवासी कुसमुरा, को हिरासत में लिया।

​पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से वारदात में प्रयुक्त ग्रे रंग की मारुति सुजुकी सेलेरियो कार भी बरामद कर ली है।