रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार (Sex Racket) के खिलाफ एक बड़ी और सर्जिकल कार्रवाई करते हुए शहर के बीचों-बीच चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने छोटे अतरमुड़ा इलाके के एक किराये के मकान में छापा मारा। मौके से एक महिला दलाल (संचालिका) और दो ग्राहकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 युवतियों को इस दलदल से निकाला गया है।
प्वाइंटर भेजकर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के छोटे अतरमुड़ा (साईं मंगलम गली) में गुंजन चौहान नाम की महिला बाहर से युवतियां बुलाकर जिस्मफरोशी का धंधा चला रही है। सूचना को पुख्ता करने के लिए सीएसपी मयंक मिश्रा और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस ने बेहद सुनियोजित तरीके से एक ‘प्वाइंटर’ (फर्जी ग्राहक) को 2,500 रुपये देकर मकान में भेजा। जैसे ही अंदर से प्वाइंटर का इशारा मिला, पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दे दी। पुलिस ने कमरों से महिला दलाल, दो ग्राहकों के साथ-साथ कई आपत्तिजनक सामग्रियां और नकदी बरामद की है।
ये हुए गिरफ्तार (पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई):
पुलिस ने थाना चक्रधरनगर में सभी आरोपियों पर अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- गुंजन चौहान (36 वर्ष): मुख्य सरगना/महिला दलाल (मूल निवासी सारंगढ़-बिलाईगढ़, हाल मुकाम रायगढ़)।
- नेहरू चौहान (37 वर्ष): ग्राहक (निवासी- छित्तपटेरा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़)।
- मीर रविउल (34 वर्ष): ग्राहक (मूल निवासी- पश्चिम बंगाल, हाल मुकाम- जशपुर)।



