Skip to content

रिश्ते को किया कलंकित: रायगढ़ में महिला से दुष्कर्म करने वाला अधेड़ आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ जिले में महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर नकेल कसने के संकल्प के साथ एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में कापू पुलिस ने एक महिला की अस्मत से खिलवाड़ करने वाले परिचित रिश्तेदार को सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने महिला को घर में अकेला पाकर जबरन अपनी हवस का शिकार बनाया था।

क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, मामला कापू थाना क्षेत्र का है जहां 10 मई को एक पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। शिकायत के मुताबिक, घटना पिछले साल 23 दिसंबर की है। उस शाम पीड़िता अपने पति और बच्चों के साथ घर पर थी, तभी उनका परिचित रिश्तेदार सुधीर किस्पोट्टा (54 वर्ष) वहां पहुंचा।

​आरोपी ने शातिराना चाल चलते हुए पीड़िता के पति को पैसे दिए और शराब लाने के बहाने दूसरे गांव भेज दिया। जैसे ही पति घर से बाहर गया, सुधीर ने महिला को अकेला पाकर उसके साथ बलपूर्वक दुष्कर्म किया। जाते-जाते आरोपी ने मुंह खोलने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।

लोक-लाज का डर छोड़ पीड़िता ने दिखाई हिम्मत

​प्रारंभिक तौर पर पीड़िता लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से खामोश रही, लेकिन आखिरकार उसने साहस जुटाया और कानून का दरवाजा खटखटाया। महिला की रिपोर्ट पर थाना कापू में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(f) के तहत अपराध क्रमांक 82/2026 पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने टीम गठित कर तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी सुधीर किस्पोट्टा को उसके निवास ग्राम पखनाकोट से हिरासत में ले लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

​इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी और थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।