रायगढ़। जिले में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर रायगढ़ पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में महिला थाना पुलिस ने भारी तत्परता दिखाते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की मां 25 मई को किसी काम के सिलसिले में ओडिशा गई हुई थी। 27 मई को जब वह वापस अपने घर लौटी, तो उसकी बेटी ने अपने साथ हुई इस खौफनाक वारदात की जानकारी दी। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि 26 मई की सुबह जब उसके पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे, तभी घर के सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी कुश सिदार उर्फ छोटे अचानक घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
दर्ज हुई एफआईआर, चंद घंटों में पकड़ा गया आरोपी
बेटी की आपबीती सुनने के बाद मां ने बिना समय गंवाए 27 मई को महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल आरोपी कुश सिदार उर्फ छोटे (पिता चैन सिंह, उम्र 19 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 50/2026 और बीएनएस (BNS) की धारा 64(2)(k) के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और 28 मई को उसे धर दबोचा। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तुरंत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



