जोरापाली फार्म हाउस से चल रहा था मौत बांटने का खेल; गैस सिलेंडर, चूल्हा और भारी मात्रा में सामग्री बरामद
रायगढ़ । जिले में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत नकली शराब माफियाओं पर रायगढ़ पुलिस का प्रहार लगातार जारी है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में संचालित नकली शराब के एक बड़े और संगठित नेटवर्क के फरार मुख्य आरोपी सुभाष पटेल को पुलिस ने नाटकीय ढंग से उसके जोरापाली स्थित फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह बेहद शातिराना अंदाज में स्प्रिट और चायपत्ती का इस्तेमाल कर आम जनता को मौत का सामान परोस रहा था।
चायपत्ती के रंग और फर्जी होलोग्राम का काला खेल
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी सुभाष चंद्र पटेल (50 वर्ष, निवासी धनागर) ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने कुबूल किया है कि वह अपने भाई और सह-आरोपी विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार की जड़ें फैला रहा था। मुनाफा कमाने की होड़ में ये लोग असली शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ा देते थे। स्प्रिट के कारण जब शराब का रंग फीका पड़ जाता, तो उसे असली जैसा दिखाने के लिए उसमें चायपत्ती का रंग मिला दिया जाता था। इसके बाद इसे खाली बोतलों में भरकर फर्जी होलोग्राम और ब्रांडेड लेबल लगा दिए जाते थे, ताकि कोई इसे नकली न समझ सके। इस जहरीले माल को जिले भर में फैले ‘कोचियों’ के नेटवर्क के जरिए खपाया जाता था।
8 जून को हुआ था इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़
विदित हो कि 8 जून 2026 की रात एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। इस सुनियोजित रेड में 869 नग विभिन्न पैमानों की (लगभग 240 लीटर) नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, ढक्कन और खाली बोतलें बरामद हुई थीं। मौके से दुष्यंत उर्फ पप्पू को पुलिस ने दबोच लिया था, जबकि सुभाष पटेल और विनय ठाकुर फरार होने में कामयाब रहे थे।
फार्म हाउस को ही बना लिया था अवैध फैक्ट्री
फरार आरोपियों की तलाश के बीच कोतरारोड़ पुलिस को पुख्ता मुखबिर सूचना मिली कि सुभाष पटेल अपने जोरापाली स्थित फार्म हाउस में दुबका हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील सिंह आदित्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर उसी फार्म हाउस से नकली शराब बनाने का पूरा सेटअप—गैस सिलेंडर, सिंगल गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम की डेगची और बड़ी संख्या में खाली बोतलें जब्त की गई हैं।
आरोपी जेल दाखिल, विनय ठाकुर की तलाश तेज
गिरफ्तार आरोपी सुभाष चंद्र पटेल के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत बीएनएस की गंभीर धाराओं 336(4), 336(3), 340(2), 61(2), 275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36, 49(क), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस गैंग के अहम मोहरे विनय ठाकुर की सरगर्मी से तलाश कर रही है।



